चम्पावत को CM धामी की बड़ी सौगात: ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के विकास को नई गति देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹7.12 करोड़ लागत की 4 योजनाओं का लोकार्पण और ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो हर नागरिक को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला अस्पताल में ₹20 करोड़ से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। साथ ही ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़कर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। वहीं शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि खेलों में बेटियों को प्रोत्साहन देने के लिए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम का निर्माण भी प्रगति पर है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ डॉ. जीएस खाती समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


