सिटी मजिस्ट्रेट का बिजली विभाग में छापा: शराब के नशे में मिला कर्मचारी सस्पेंड, सख्त कार्रवाई के संकेत
हल्द्वानी/काठगोदाम। प्रशासन ने सरकारी दफ्तरों में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने काठगोदाम स्थित बिजली विभाग के सेकेंडरी वर्क डिविजन कार्यालय में अचानक छापा मारा, जिससे पूरे दफ्तर में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया, जहां कार्यालय सहायक दीपक बोरा ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाया गया। सूचना की पुष्टि होते ही सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही कड़ा रुख अपनाते हुए कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए।
बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है, ताकि नशे की पुष्टि की जा सके और आगे की विभागीय कार्रवाई को मजबूत आधार मिल सके।
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी दफ्तरों में अनुशासनहीनता, लापरवाही और नशाखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में विभागीय जांच के साथ-साथ और कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
सिटी मजिस्ट्रेट की इस कार्रवाई के बाद अन्य विभागों में भी हड़कंप मचा हुआ है और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पर अब सीधा एक्शन होगा।


