राघव चड्ढा को AAP ने दिया झटका
Spread the love

राघव चड्ढा को AAP ने दिया झटका! राज्यसभा उपनेता पद से हटे, बढ़ती लोकप्रियता पर सियासत तेज

जनहित के मुद्दों पर मुखर थे चड्ढा, अब बोलने पर भी लगी रोक | पार्टी के अंदरखाने फैसले पर उठे सवाल

नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ा झटका देते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब सांसद अशोक मित्तल को उपनेता बनाया गया है। इस फैसले के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है और कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर यह भी अनुरोध किया है कि राघव चड्ढा को सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब चड्ढा लगातार संसद में जनहित से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे थे।

जनता के मुद्दों पर मुखर थे चड्ढा

राघव चड्ढा हाल के दिनों में कई अहम मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे। उन्होंने पितृत्व अवकाश को कानूनी अधिकार बनाने की मांग उठाई, जिसमें पिता की जिम्मेदारी और परिवार को सहयोग देने की जरूरत पर जोर दिया गया।

इसके अलावा उन्होंने फ्लाइट देरी पर यात्रियों को मुआवजा देने की नीति, शहरों में बढ़ते ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए नेशनल अर्बन डी-कंजेशन मिशन, शेयर बाजार में गिरावट से छोटे निवेशकों को राहत, फूड कंपनियों के भ्रामक विज्ञापनों पर सख्त कार्रवाई और मोबाइल डेटा प्लान में अनयूज्ड डेटा को कैरी फॉरवर्ड करने जैसे मुद्दे भी संसद में उठाए।

पार्टी के फैसले पर उठे सवाल

चड्ढा की सक्रियता और बढ़ती लोकप्रियता के बीच उनके खिलाफ इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सियासी हलकों में चर्चा है कि क्या जनता के बीच बढ़ती पकड़ और स्वतंत्र रूप से मुद्दे उठाने का अंदाज पार्टी को रास नहीं आया।

सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि वे बिना आंतरिक चर्चा के मुद्दे सदन में उठा रहे हैं। इसी को लेकर असंतोष बढ़ा और अंततः यह बड़ा फैसला लिया गया।

अब आगे क्या?

राघव चड्ढा को पद से हटाने के साथ-साथ उनके संसद में बोलने पर रोक जैसे कदम यह संकेत दे रहे हैं कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। अब देखना होगा कि इस घटनाक्रम का आम आदमी पार्टी की राजनीति और चड्ढा के राजनीतिक भविष्य पर क्या असर पड़ता है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love