Spread the love

हल्द्वानी में गैस संकट गहराया, आपूर्ति में देरी से भड़के लोग—SDM कोर्ट में जोरदार प्रदर्शन

हल्द्वानी में रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आम जनता का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में बुजुर्ग और स्थानीय लोग एसडीएम कोर्ट पहुंचे और गैस की कालाबाजारी तथा आपूर्ति में हो रही देरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में गैस की नियमित आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

लोगों का आरोप है कि बिठौरिया नंबर-1 स्थित देवकी विहार, तिवारी कॉलोनी समेत कई इलाकों में पिछले 15 दिनों से इंडियन गैस की सप्लाई ठप पड़ी है। इस वजह से परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोग मजबूरी में इंडक्शन चूल्हों पर खाना बनाने को विवश हैं।

वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि इंडियन गैस काठगोदाम और हल्द्वानी एजेंसी द्वारा आपूर्ति के लिए रोस्टर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग 25 मार्च या उससे पहले की है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन जल्द से जल्द सभी प्रभावित क्षेत्रों में गैस आपूर्ति सुचारू करने के प्रयास में जुटा है। हालांकि, प्रशासन के आश्वासन के बावजूद लोगों को राहत मिलने का इंतजार बना हुआ है।


Spread the love