11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मौत
Spread the love

हल्द्वानी: गेहूं कटाई के दौरान हादसा, 11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मौत

हल्द्वानी। कठघरिया क्षेत्र के बच्चीनगर में गेहूं कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक खेत के पास बने करीब आठ फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदायूं निवासी चंद्रभान कश्यप अपने परिवार के साथ बच्चीनगर में किराए पर रहते हैं और उन्होंने यहां गेहूं कटाई का ठेका लिया हुआ था। गुरुवार शाम उनका 11 वर्षीय बेटा सौरभ भी परिवार के साथ खेत में काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि कटाई के बाद सौरभ गेहूं के बंडलों को पानी में भिगोने के लिए पास ही बने गड्ढे की ओर गया था। इसी दौरान वह पानी से भरे करीब आठ फीट गहरे पिट में गिर गया।

परिजन काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। कुछ समय बाद गड्ढे में उसकी चप्पल तैरती हुई दिखाई दी, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद जब गड्ढे में तलाश की गई तो सौरभ को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार सौरभ ने हाल ही में पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर छठी में प्रवेश लिया था और वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घटना की सूचना पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।


Spread the love