उत्तरकाशी में गेस्ट टीचर की संदिग्ध मौत, कमरे में फर्श पर मिला शव
उत्तरकाशी। जनपद के मोरी क्षेत्र से एक दुखद और संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैटवाड़ में तैनात एक गेस्ट टीचर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय मीरा देवी के रूप में हुई है, जो सोशल साइंस की गेस्ट टीचर थीं।
जानकारी के अनुसार, मीरा देवी मूल रूप से पुरोला तहसील के सुनाली गांव की निवासी थीं और पिछले तीन वर्षों से नैटवाड़ इंटर कॉलेज में सेवाएं दे रही थीं। मंगलवार सुबह उनके स्कूल नहीं पहुंचने पर मामला संदिग्ध लगा।
यह भी पढ़ें 👉 हरिद्वार में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या, आत्महत्या का दिया था रूप
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे मीरा देवी के पिता ने स्कूल में फोन कर उनकी जानकारी ली, तब पता चला कि वह स्कूल नहीं आई हैं। इसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल जगवीर सिंह राणा ने तुरंत स्टाफ को उनके कमरे पर भेजा, जो स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
जब स्टाफ वहां पहुंचा तो मीरा देवी कमरे के अंदर फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें 👉 “ऑपरेशन साइबर प्रहार” : ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों म्यूल अकाउंट चिन्हित, 5 संदिग्ध हिरासत में
घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। प्रिंसिपल जगवीर सिंह राणा के अनुसार, मीरा देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं, हालांकि उनकी मौत किन कारणों से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें






