हल्द्वानी: शॉर्ट सर्किट से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, गेहूं की फसल जलकर राख, चालक झुलसा
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब गेहूं की फसल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौलापार के ग्राम सुंदरपुर रेक्वाल निवासी भवान सिंह बिष्ट अपनी गेहूं की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से घर ला रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिर गई, जिससे ट्रॉली में आग लग गई। सूखी गेहूं की वजह से आग तेजी से फैल गई और कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रैक्टर चालक रमेश चंद्र को संभलने का मौका नहीं मिल सका और वह बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की और घायल चालक को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान नीरज रैक्वाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से घायल चालक और फसल मालिक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने विद्युत लाइनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





