पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद डोडा एवं अवैध हथियार
Spread the love

एसओटीएफ कुमायूँ और पुलभट्टा पुलिस की बड़ी सफलता: भारी मात्रा में डोडा और अवैध हथियारों के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर: उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री” बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए कुमायूँ पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना शिकंजा और कस दिया है। पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के मार्गदर्शन और पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के कड़े निर्देशों के क्रम में, रेंज की स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) और थाना पुलभट्टा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अभियुक्त को धर दबोचा।

पुलिस टीम को यह कामयाबी गुरुवार, 7 मई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान मिली। थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर अभियुक्त आकिब, जो कि वार्ड नंबर 06, सिरौली कला (किच्छा) का निवासी है, के पास से 16.560 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। केवल नशा ही नहीं, पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक देशी तमंचा और 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे क्षेत्र में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

यह भी पढ़ें 👉चंपावत में हैवानियत की हदें पार! रस्सियों से बांधकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, सत्ता पक्ष के नेता पर लगा आरोप

पुलिस की इस कार्यवाही ने क्षेत्र में सक्रिय नशे के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। आईजी कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर को विस्तृत पूछताछ के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि अवैध डोडा और हथियार कहाँ से लाए गए थे और किन-किन स्थानों पर इनकी सप्लाई होनी थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध नेटवर्क में शामिल हर छोटे-बड़े अपराधी की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या

गौरतलब है कि पिछले 8 महीनों में एसओटीएफ कुमायूँ ने नशे के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया है। रेंज पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस अवधि में अवैध मेडिकल स्टोर्स और तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए अब तक कुल 794 नशीले इंजेक्शन और 44,170 से अधिक नशीली गोलियां व कैप्सूल जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि कुमायूँ परिक्षेत्र में अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।


Spread the love

You missed