कैंची धाम मार्ग पर थार के बोनट पर बैठकर स्टंट करते युवक पर पुलिस की कार्रवाई
Spread the love

कैंची धाम मार्ग पर ‘थार’ से स्टंटबाजी पड़ी भारी; बोनट पर बिठाए थे दोस्त, SSP की सख्ती के बाद दिल्ली का युवक मांग रहा माफी

भवाली/नैनीताल: देवभूमि के शांत वातावरण और धार्मिक आस्था के केंद्र श्री कैंची धाम मार्ग पर हुड़दंग मचाना दिल्ली के एक थार चालक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत त्वरित कार्रवाई की और जानलेवा स्टंट कर रहे वाहन चालक का भारी-भरकम चालान काटकर उसे कानून का पाठ पढ़ाया।

क्या था मामला?

बीते दिनों श्री कैंची धाम मार्ग पर वाहन संख्या DL4BC7795 (थार) का चालक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट कर रहा था। चालक ने अपनी गाड़ी के बोनट और खिड़की पर दो दोस्तों को बैठाकर सड़क पर वाहन दौड़ाया। राहगीरों ने इस अराजकता का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल यातायात पुलिस को चालक को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन का पता लगाया और चालक राहुल (निवासी दिल्ली) को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

पुलिस की कार्रवाई और चालक की माफी

पुलिस ने थार चालक राहुल के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV ACT) के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की है। पुलिस की सख्ती के आगे स्टंटबाज का जोश ठंडा पड़ गया और उसने भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न करने की कसम खाते हुए लिखित रूप में माफी मांगी।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि:

“पर्यटन के नाम पर अराजकता, गुंडागर्दी और स्टंटबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो लोग कानून तोड़ेंगे और दूसरों की जान खतरे में डालेंगे, उनके खिलाफ पुलिस का डंडा इसी तरह चलता रहेगा।”

यह भी पढ़ें 👉“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़ 

नैनीताल पुलिस की अपील: पर्यटक और स्थानीय निवासी यातायात नियमों का पालन करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस सोशल मीडिया और सीसीटीवी के जरिए हुड़दंगियों पर पैनी नजर रख रही है।


Spread the love