बकरीद पर नैनीताल पुलिस का ‘पीस प्लान’: चिन्हित 12 जगहों पर ही होगी कुर्बानी, सोशल मीडिया पर फोटो डाली तो होगी जेल
हल्द्वानी/नैनीताल: आगामी बकरीद पर्व को सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में आज जनपद के विभिन्न थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गई। हल्द्वानी कोतवाली में आयोजित मुख्य बैठक की अध्यक्षता एसपी सिटी मनोज कत्याल और एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने की। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने भी शिरकत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कुर्बानी के लिए 12 स्थान चिन्हित किए गए हैं, केवल वहीं पर कुर्बानी की जा सकेगी। नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया कि कुर्बानी स्थलों पर पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था रहे और अवशेषों को तत्काल उठाने के लिए नगर निगम की टीमें तैनात रहें। अवशेषों को खुले में ले जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी।

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना सख्त मना है। यदि कोई भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी समुदायों से अपील की गई है कि वे आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं।
बैठक में स्थानीय नागरिकों ने नालियों की सफाई और बिजली कटौती की समस्याएं उठाईं। इस पर अधिकारियों ने बिजली विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और नगर निगम को युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
त्यौहार के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट प्लान तैयार किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और गश्त बढ़ाई जाएगी। पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि नमाज के समय जाम की स्थिति न बने।
बैठक में सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, इंस्पेक्टर विजय मेहता, दिनेश फर्त्याल, सुशील जोशी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी, धर्मगुरु, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रमुख निर्देश एवं अपील (एक नज़र में):
-
सार्वजनिक स्थानों या खुले में कुर्बानी कतई न करें।
-
अवशेषों को निर्धारित डस्टबिन या निगम के वाहनों में ही डालें।
-
सोशल मीडिया पर कोई भी भड़काऊ या आपत्तिजनक फोटो/वीडियो न डालें।
-
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
-
यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें।





