udham-singh-nagar-police-arrest-conversion-syndicate-khatima-2026
Spread the love

धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार

ऊधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों के बाद एसएसपी अजय गणपति ने जनपद में धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्र में सक्रिय एक ऐसे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है, जो थारू समाज और अनुसूचित जाति के गरीब व भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बना रहा था। इस मामले में पुलिस ने पास्टर सुनील जार्ज सहित चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि ये आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारी ठीक करने और घरेलू परेशानियां दूर करने का झांसा देते थे। आरोपियों द्वारा ईसाई धर्म अपनाने के बदले प्रति माह ₹6,000 की पेंशन और एकमुश्त ₹2 लाख देने का प्रलोभन दिया जा रहा था। गिरोह के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को हिंदू धर्म के प्रति भ्रामक जानकारी देकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास करते थे।

जो लोग प्रलोभन में नहीं आते थे, उन्हें आरोपियों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। खटीमा की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति और अन्य सहयोगियों द्वारा उसे जबरन धर्म परिवर्तन के लिए विवश किया जा रहा था। विरोध करने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मुख्य आरोपी दान सिंह राणा के मोबाइल से पुलिस को धर्मांतरण के पुख्ता सबूत मिले हैं। मोबाइल में धर्म परिवर्तन से संबंधित प्रार्थना सभाओं के वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले हैं। इतना ही नहीं, मोबाइल में धर्मांतरण के लिए निर्धारित किए गए ‘टारगेट’ और बच्चों के दस्तावेजों से जुड़ी चैट्स भी बरामद हुई हैं, जो आरोपियों की गहरी साजिश की ओर इशारा करती हैं।

पुलिस ने दान सिंह राणा, जय सिंह, द्रौपदी राणा और पास्टर सुनील जार्ज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ऐसी देशविरोधी और असंवैधानिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है।


Spread the love