नैनीताल पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: रामनगर में तमंचे व चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार तो बनभूलपुरा में 200 नशीली गोलियों सहित तस्कर दबोचा
नैनीताल: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक हथियार व वाहन चोर और एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध तमंचा, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में प्रतिबन्धित नशीली गोलियां बरामद की हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी व क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में रामनगर और बनभूलपुरा पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
यह भी पढ़ें 👉 देहरादून एनकाउंटर: तड़के सुबह दून पुलिस और राजस्थान के बदमाशों में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल, 2 गिरफ्तार
रामनगर में अवैध तमंचे और चोरी की बाइक के साथ शातिर गिरफ्तार
कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान एक शातिर अपराधी को दबोचा है। पुलिस ने इंदिरा कॉलोनी, रामनगर निवासी 29 वर्षीय रवि नेगी (पुत्र पुष्कर सिंह नेगी) को गिरफ्तार किया।
तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक अदद 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से जांच की, तो उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। शातिर अपराधी पुलिस को चकमा देने के लिए इस चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(3)/340 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें 👉 नैनीताल में डीएम का महा-एक्शन: लैंड यूज नियमों के उल्लंघन पर कई रिजॉर्ट और भूखंड जब्त
बनभूलपुरा में 200 नशीली गोलियों के साथ ड्रग्स तस्कर दबोचा
नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत थाना बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 3 जून 2026 को पुलिस टीम गौला बाईपास, स्लेटर हाउस के पास स्थित यात्री शेड के समीप शांति व्यवस्था और संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 200 अवैध नशीली गोलियां (Alprazolam) बरामद हुईं। पकड़े गए नशा तस्कर की पहचान 40 वर्षीय नसीम अहमद (पुत्र महमूद आलम, निवासी- मोहम्मदी मस्जिद के सामने वाली गली, बनभूलपुरा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 93/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।





