
देवभूमि जन हुंकार: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय कार्यालय, 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 13 वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को केंद्रीय दायित्व
इस नई राष्ट्रीय सूची में उत्तराखंड को बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सांसद रहे श्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तीरथ सिंह रावत को केंद्रीय टीम में शामिल किए जाने से उत्तराखंड के राजनीतिक हलकों में उत्साह देखा जा रहा है।

भाजपा के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की पूरी सूची:
| क्र.सं. | नाम | राज्य |
| 1 | श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया | राजस्थान |
| 2 | श्री तीरथ सिंह रावत | उत्तराखंड |
| 3 | श्री राम माधव | दिल्ली |
| 4 | श्री बैजयंत जय पांडा | ओडिशा |
| 5 | श्रीमती डी. पुरंदेश्वरी | आंध्र प्रदेश |
| 6 | श्रीमती रेखा वर्मा | उत्तर प्रदेश |
| 7 | श्रीमती वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी | गुजरात |
| 8 | श्रीमती (डॉ.) भारती प्रवीण पवार | महाराष्ट्र |
| 9 | सरदार मनप्रीत सिंह बादल | पंजाब |
| 10 | श्री लाल सिंह आर्य | मध्य प्रदेश |
| 11 | प्रो. एम. नागराज | कर्नाटक |
| 12 | प्रो. तारिक मंसूर | उत्तर प्रदेश |
| 13 | श्रीमती (डॉ.) मधुचंद्र कर | पश्चिम बंगाल |
सभी राज्यों और अनुभवों का संतुलन
घोषित सूची में अनुभवी प्रशासकों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और संगठन के माहिर रणनीतिकारों का बेहतरीन संतुलन साधा गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, रणनीतिकार राम माधव, ओडिशा के कद्दावर नेता बैजयंत जय पांडा, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल तथा उत्तर प्रदेश से पूर्व कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मजबूत ढांचा तैयार किया है।



