Uttarakhand Accident Concept Representing Kosi River Drowning And SDRF Rescue In Almora
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, अल्मोड़ा / हल्द्वानी / रामगढ़: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद से एक बेहद दर्दनाक और मातम भरी खबर सामने आ रही है। अल्मोड़ा के भुजान क्षेत्र में शहीद बलवंत सिंह भुजान-बर्धी मोटर मार्ग के समीप बहने वाली कोसी नदी में नहाने उतरा एक 40 वर्षीय व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आ गया, जिससे उसकी पानी में डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस की टीमों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर से शव को बरामद किया है।

यह भी पढ़ें 👉चोरगलिया से लापता हुई तीन बालिकाएं हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी

प्राप्त विवरण के अनुसार, रामगढ़ ब्लॉक के कुमस्यारी गांव निवासी पृथ्वी पाल सिंह (उम्र 40 वर्ष), पुत्र त्रिलोक सिंह, अपने करीब 25 वर्षीय बेटे ओम के साथ टैक्सी वाहन से हल्द्वानी की ओर रवाना हुए थे। पृथ्वी पाल सिंह वर्तमान में अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हल्द्वानी में ही रह रहे थे।

बताया जा रहा है  युवक अपने पिता को हल्द्वानी से दिल्ली की ओर रवाना करने वाला था। हालांकि, इसके बाद दोनों ने रामगढ़ क्षेत्र में अपने पैतृक क्षेत्र की ओर लौटने के बाद कोसी नदी में नहाने की इच्छा जताई। इसके बाद पिता-पुत्र नदी क्षेत्र में पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉हरिद्वार में लुटेरी दुल्हन का पर्दाफाश: बहादराबाद पुलिस ने 5 शातिर ठगों को दबोचा, नशीला पाउडर और बोलेरो जब्त

नहाने के दौरान अचानक पृथ्वी पाल सिंह नदी के तेज बहाव और भंवर की चपेट में आ गए और बहते हुए गहरे पानी में चले गए। उन्हें अपनी आंखों के सामने डूबता देख उनके बेटे और साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और नदी में सघन खोजबीन एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पर्वतीय क्षेत्र की नदियों में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को भी खोजबीन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉हल्द्वानी के दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के खूनी संघर्ष और तोड़फोड़ मामले में नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन; 4 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

घंटों की लगातार तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार टीम को सफलता मिली। घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी में एक शव बहता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर बामुश्किल शव को नदी से बाहर सुरक्षित निकाला।

मृतक की पहचान पृथ्वी पाल सिंह के रूप में होने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Spread the love