नानकमत्ता हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी। 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह बंटी और हरप्रीत सिंह हैप्पी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद।

देवभूमि जन हुंकार, नानकमत्ता / रुद्रपुर / ऊधमसिंह नगर: देवभूमि उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में हुए सनसनीखेज सतनाम सिंह हत्याकांड को लेकर पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस खूनी वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति की कुशल रणनीति, सख्त निर्देशन और गठित विशेष पुलिस टीमों की मुस्तैदी के चलते पुलिस ने हत्या में शामिल दो मुख्य नामजद अभियुक्तों को धर दबोचा है, जिनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने खुद किया था घटनास्थल का निरीक्षण
प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, गत 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नानकमत्ता में वादी सोनू सिंह (पुत्र चरनजीत सिंह, निवासी ग्राम सिद्धा नवदिया) द्वारा एक लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि कुलदीप सिंह उर्फ बंटी, लखविंदर सिंह उर्फ लक्की, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नागरा, कोमल सिंह, कमल सिंह और रमनदीप कौर ने एकराय होकर उनके घर पर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग की, तथा उनके 35 वर्षीय भाई सतनाम सिंह की सीने में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना की अत्यधिक संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति ने तत्काल स्वयं घटनास्थल पर पहुँचकर बारीकी से निरीक्षण किया था और अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे कि आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुँचाया जाए।
मटिहा बॉर्डर से दबोचे गए मुख्य आरोपी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
एसएसपी के कुशल निर्देशन, पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस एवं अन्य बल की कुल 05 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों ने मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
पुलिस की टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को मटिहा बॉर्डर के पास से दो नामजद मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की।
-
गिरफ्तार अभियुक्तगण:
-
कुलदीप सिंह उर्फ बंटी पुत्र स्व. बूर सिंह (उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सिद्धा नवदिया, कोतवाली नानकमत्ता)।
-
हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र दयाल सिंह (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नौगजा, कोतवाली नानकमत्ता)।
-
पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ बंटी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह भी पढ़ें होटल में चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ: पुलिस ने मारा छापा, 10 गिरफ्तार और 2.80 लाख नकद बरामद
दोनो आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस जाँच में दोनों गिरफ्तार आरोपियों का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है:
-
अभियुक्त कुलदीप सिंह उर्फ बंटी: इसके विरुद्ध पूर्व में कोतवाली नानकमत्ता में FIR No. 59/26, धारा 137(2), 64/115(2), 351(2)/127(2) BNS एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत रहा है।
-
अभियुक्त हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी: इसके विरुद्ध थाना खटीमा में पूर्व से ही दो गंभीर मुकदमे—FIR No. 185/26 (धारा 115(2), 191(2), 352, 3(5), 61(2) BNS) तथा FIR No. 187/26 (धारा 109(1), 351(3), 352, 3(5), 61(2) BNS) पंजीकृत हैं।
पुलिस द्वारा दोनों गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस खूनी संघर्ष में संलिप्त अन्य शेष फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। नानकमत्ता हत्याकांड के खुलासे से पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



