देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार: देवभूमि उत्तराखंड की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थाओं में शुमार हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय परिसर से प्रशासनिक मर्यादा और कानून-व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। विश्वविद्यालय में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत कर्मचारियों का गुस्सा शनिवार सुबह इस कदर फूट पड़ा कि उन्होंने प्रशासनिक भवन के बाहर कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार को घेर लिया और उनके साथ सरेआम मारपीट करते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इस अमानवीय और हिंसक घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जुलाई से चल रहा था 10 सूत्रीय मांगों पर आंदोलन, शुक्रवार की वार्ता के बाद रात में जारी नोटिस से भड़के कर्मी
विश्वविद्यालय सूत्रों और पुलिस से प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जुलाई महीने से ही प्रशासन के चक्कर काट रही थी। मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय न निकलता देख कर्मचारियों ने गत 17 अक्टूबर से केंद्रीय कार्यालय परिसर में क्रमिक धरना शुरू कर दिया था। इस आंदोलन को सफाई मजदूर संघ का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त था।
मामले को सुलझाने के लिए शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारी यूनियन के बीच कई घंटे तक लंबी वार्ता चली। कई मांगों पर आपसी सहमति बनने के बाद यह तय हुआ था कि कर्मचारी अपना आंदोलन स्थगित कर देंगे। लेकिन विवाद ने तब विक्राल रूप ले लिया जब कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेन्द्र मलिक के अनुसार, देर रात विश्वविद्यालय प्रशासन (कुलसचिव कार्यालय) की ओर से आंदोलनकारी कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए। जैसे ही सुबह यह नोटिस कर्मचारियों तक पहुँचे, उनमें भारी आक्रोश फैल गया।
शनिवार सुबह कुलपति कार्यालय के बाहर हुआ हमला, वायरल वीडियो के आधार पर 4 गिरफ्तार
कारण बताओ नोटिस से आगबबूला हुए कर्मचारी शनिवार सुबह सीधे कुलपति कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। आरोप है कि इसी दौरान वहाँ पहुँचे कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ कर्मचारियों की तीखी झड़प हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई और कर्मचारियों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए उन्हें जमीन पर गिराकर पीट दिया।
दिनदहाड़े विश्वविद्यालय के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए कनखल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। कनखल थाने के एसएसआई अनुज कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पहचान कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों में:
-
रजनीश भारद्वाज (कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष)
-
नरेन्द्र मलिक (कर्मचारी यूनियन महामंत्री)
-
उमाशंकर
-
ओमवीर शामिल हैं।
घटना के संबंध में समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा ने बयान जारी करते हुए कहा कि कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी उन्हें मिली है। घटना के समय वह मौके पर नहीं थीं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



