देवभूमि जन हुंकार, लोहाघाट / चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जनपद अंतर्गत लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस की जनसभा के दौरान पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के दौरे के तहत आयोजित इस जनसभा में कार्यकर्ताओं की भीड़ तो जुटी, लेकिन मंच से बोलने का मौका न मिलने पर एक दावेदार के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए हंगामा और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
मंच पर बोलने का अवसर न मिलने पर भड़का विरोध
प्राप्त विवरण के अनुसार, लोहाघाट में आयोजित जनसभा में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। जनसभा में नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा, लेकिन इसी बीच मंच पर उस समय हलचल मच गई जब लोहाघाट विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को संबोधन का मौका नहीं दिया गया।
इस बात से नाराज उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। बताया गया कि विरोध के दौरान धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई, जिससे मंच और आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मनोहर सिंह ढेक का दो टूक बयान और चेतावनी
इस घटनाक्रम के बाद मनोहर सिंह ढेक ने कहा कि वे भी लोहाघाट विधानसभा से कांग्रेस के टिकट के दावेदार हैं और उन्होंने पार्टी के लिए लगातार काम किया है, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया गया। उन्होंने खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि यदि लोहाघाट विधानसभा सीट पर प्रत्याशी नहीं बदला गया तो वे निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान के बाद टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है।
लोहाघाट सीट पर दावेदारी को लेकर सियासी हलचल
लोहाघाट विधानसभा सीट को लेकर फिलहाल मौजूदा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल और मनोहर सिंह ढेक सहित अन्य नेताओं की दावेदारी की चर्चाएं चल रही हैं। इससे पहले भी चिराग फर्त्याल के समर्थकों द्वारा शक्ति प्रदर्शन कर दावेदारी के संकेत दिए जाने की चर्चा रही है।
जनसभा भले ही संपन्न हो गई हो, लेकिन मंच पर हुई नारेबाजी, धक्का-मुक्की और निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी ने लोहाघाट कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि प्रदेश नेतृत्व इस नाराजगी को किस तरह संभालता है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


