देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और महिला उद्यमिता की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। सहायक परियोजना निदेशक (एपीडी) चंदा फर्त्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरस मेला-2026 में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा सुंदर प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ कॉमेडी शो तथा ‘लखपति दीदी फैशन शो’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
एपीडी चंदा फर्त्याल ने बताया कि मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी तथा बिक्री की जाएगी। इसमें हैंडीक्राफ्ट, ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स और हैंडमेड प्रोडक्ट्स के साथ ही मंच पर लोक संस्कृति के विविध रंगों को भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे आगंतुकों और खरीदारों को स्थानीय कारीगरी व शुद्ध उत्पादों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मेले को ज्ञानवर्धक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए प्रतिदिन CCL कैंप, वर्कशॉप और प्रतियोगिताओं (Competitions) का आयोजन भी किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और प्रतिभागियों को कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता व विपणन से जुड़ी जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के रहने तथा भोजन की व्यवस्था निःशुल्क की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह मेला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।


