देवभूमि जन हुंकार, कांडा / भेंटा गांव: कांडा के भेंटा गांव में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घर में अकेली रह रही 72 वर्षीय तारा देवी को बदमाशों ने बंधक बनाकर मारपीट की और करीब सवा दो तोला सोने के आभूषण व 25 से 30 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब आठ बजे तारा देवी के घर से आवाज सुनाई देने पर पड़ोस में रहने वाले पूरन राम, हरीश राम और सोहन राम मौके पर पहुंचे। घर के भीतर वृद्धा के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। पड़ोसियों ने तत्काल उनके बंधन खोले, जिसके बाद तारा देवी ने ग्रामीणों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को दी। बताया गया कि बदमाश घर से करीब डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, 12 आने वजन के कान के झुमके समेत कुल सवा दो तोला सोने के आभूषण और 25 से 30 हजार रुपये की नकदी ले गए।
तारा देवी का छोटा बेटा नीरज जोशी रुद्रपुर में नौकरी करता है, जबकि बड़ा बेटा ललित मोहन जोशी गांव में ही पड़ोस में रहता है। जानकारी मिलने पर नीरज रविवार सुबह गांव पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। वहीं, ग्राम प्रहरी बसंत बल्लभ जोशी ने शनिवार शाम करीब आठ बजे ही खातीगांव चौकी प्रभारी को घटना की सूचना दे दी थी, जिस पर पुलिस मध्यरात्रि करीब 12 बजे गांव पहुंची।
रविवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, कांडा थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, उपनिरीक्षक लता खत्री और खातीगांव चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। वृद्धा के बेटे नीरज जोशी ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। घर में अकेली बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


