सरकारी विज्ञापन
Kankhal Police Action After Firing Incident in Vishnu Garden Haridwar
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, कनखल / हरिद्वार: दिनांक 21.11.2026 को थाना कनखल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि विष्णु गार्डन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने साथी/अधिकारी को गोली मार दी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही कनखल पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

गोली छूकर निकलने से बाल-बाल बचे अधिकारी, उपचार जारी

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि संविदा पर नियुक्त चालक विनोद नेगी (पुत्र भारत सिंह, निवासी ग्राम जयहरी, पोस्ट ऑफिस भृगूखाल, तहसील यमकेश्वर, जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल, हरिद्वार) ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल (निवासी विष्णु गार्डन, कनखल) को गोली मार दी थी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पोछा लगाकर सफाई व कपड़े बदलकर भागने की तैयारी में पकड़ा गया

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस के पहुंचने से पहले घटनास्थल को साफ करने का प्रयास किया। आरोपी फर्श पर पोछा लगाकर सफाई करने लगा तथा कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की फिराक में था। हालांकि, कनखल पुलिस की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।

4-5 महीनों से विवाद, 315 बोर तमंचा बरामद व मुकदमा दर्ज

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से उक्त कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था और पिछले लगभग 4-5 महीनों से अधिकारी के साथ उसका विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, वह अधिकारी द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया।

वादी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मु0अ0सं0 449/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया है और आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

By admin