सरकारी विज्ञापन
Public Grievance Hearing Jansunwai and Administrative Action at Camp Office Haldwani
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: आयुक्त/सचिव माननीय मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नगर निगम में सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, खेती पर जबरन कब्जा करने, मुआवजा दिलाने, इंश्योरेंस की धनराशि ठगी करने, ग्राम बजून में सड़क निर्माण के संबंध में तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी को सेवायोजकों का लाभ दिलाने आदि से जुड़ी समस्याओं को सुना। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया।

अनुपस्थित सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई, नियमित चेकिंग के निर्देश

जनसुनवाई में कुछ वार्ड के लोगों द्वारा सफाई व्यवस्था कराने के अनुरोध पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में तैनात स्वच्छकों (सफाई कर्मियों) की नियमित उपस्थिति का आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी सफाई कर्मचारी अपने निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए।

प्राइवेट अमीनों द्वारा भूमि पैमाइश पर आयुक्त सख्त, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

निजी अमीनों द्वारा मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। राधिका देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि निजी अमीन द्वारा उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही ढंग से नहीं किया गया। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आम जनमानस से अपील की है कि वे अपनी भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी प्राइवेट अमीन किसी निजी भूमि का सीमांकन करते हुए स्थल पर पाया जाता है, तो संबंधित अमीन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दमुवांढूगा निवासी प्रेमा देवी को 4 लाख रुपये वापसी व अन्य शिकायतों का निस्तारण

दमुवांढूगा निवासी प्रेमा देवी ने बताया कि उन्होंने दमुवांढूगा क्षेत्र में एक कमरा 4 लाख रुपये में लिया लेकिन भवन स्वामी द्वारा न तो चार लाख रुपये दिए गए और न ही भवन दिया गया। इस पर आयुक्त ने विक्रेता को कार्यालय में तलब कर दोनों पक्षों को सुनने के बाद समझौते के तहत विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए, जिस पर विक्रेता द्वारा तय समयसीमा के भीतर धनराशि वापस करने की बात कही गई।

जनसुनवाई में मुनश्यारी के लोगों द्वारा वन पंचायत गठन, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों का भुगतान कराने तथा सरस्वती कबडवाल ने भूमि के बंटवारे में तारबाड़ लगाने से रोके जाने के संबंध में शिकायत की। आयुक्त द्वारा कैम्प कार्यालय में क्रमवार सभी लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान किया गया।


Spread the love

By admin