Spread the love

खुद को “देहरादून एसपी” बताकर अश्लील वीडियो देखने का आरोप, केस खत्म करने के नाम पर वसूले पैसे

हल्द्वानी में रिक्शा चालक से 14 हजार की साइबर ठगी

हल्द्वानी। शहर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गरीब रिक्शा चालक को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर जालसाजों ने शिकार बना लिया। खुद को “देहरादून एसपी” बताने वाले साइबर ठग ने रिक्शा चालक पर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर गिरफ्तारी की धमकी दी और फिर केस खत्म करने के नाम पर 14 हजार रुपये ऐंठ लिए।

मूल रूप से बिहार के बेतिया जिले के रहने वाले और इस समय हल्द्वानी के आनंदबाग, तल्ला गोरखपुर में रह रहे नरेश कुमार रोजाना रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी रोजाना की कमाई मुश्किल से 100–150 रुपये तक होती है।

नरेश कुमार के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “देहरादून एसपी” बताते हुए कहा—
“तुम लगातार मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहे हो। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। नैनीताल पुलिस तुम्हें गिरफ्तार करने आ रही है। अगर गिरफ्तारी से बचना चाहते हो तो तुरंत 20 हजार रुपये भेजो।”

यह सुनकर नरेश घबरा गए और उन्हें लगा कि अब जेल जाना तय है। डर के माहौल में उन्होंने तुरंत कोतवाली के पास एक दुकान से फोन पे के जरिए दो किस्तों में कुल 14 हजार रुपये भेज दिए।

कुछ देर बाद जब उन्हें अहसास हुआ कि यह एक ठगी थी, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम को जांच सौंपी गई है और जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।


Spread the love