Spread the love

बनभूलपुरा पुलिस ने 384 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ ऑटो चालक को किया गिरफ्तार

हल्द्वानी, 25 जुलाई 2025। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत जनपद नैनीताल में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 08 पेटी (कुल 384 टेट्रा पैक) अवैध देशी शराब के साथ एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाश चंद्र और क्षेत्राधिकारी  नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी थानाध्यक्ष बनभूलपुरा  सुशील जोशी के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस टीम द्वारा गोला बायपास रोड स्थित प्रथम यात्री विश्राम गृह के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो (संख्या UK 04 TB 0604) को रोका गया। तलाशी लेने पर ऑटो से माल्टा फ्लेवर की 08 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 384 टेट्रा पैक थे। शराब को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ आर्य के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई हेतु अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, और चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Spread the love