जालसाजी का नया तरीका, सावधान
मैजिक पेन से भर दिया चेक
बैंककर्मियों के हाथ लगने से पहले ही फरार जालसाज
हल्द्वानी : शहर में स्थित एक बड़ी फाइनेंस कंपनी के नाम पर लोन का लालच देकर एक व्यापारी से ठगी की कोशिश का एक मामला सामने आया है। मैजिक पेन के जरिये व्यापारी के चेक को बैंक में भुनाने एक जालसाज पहुच गया लेकिन चेक की स्टॉप पेमेंट लगाये जाने पर वो फंस गया। पकड़ा जाता इससे पहले ही वो भाग खड़ा हुआ।
प्रकाश कांडपाल की हल्दूचौड़ और गैस गोदाम रोड में सीमेंट और सरिया की दुकान है। उन्होंने कई प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में 30 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। बीती 30 मार्च में उनके फ़ोन पर एक जालसाज का फोन आया। कहा कि हम अपनी फाइनेंस कंपनी से लोन की कागजी कार्रवाई के लिए वह सर्वेयर भेज रहा है।
प्रकाश कांडपाल द्वारा बताया गया कि अगले दिन सर्वेयर पहुंच भी गया। उसने कागजी कार्रवाई की और एक कैंसल चेक भी ले लिया। जालसाज ने चेक में साइन करने के बाद पेन बदलकर पूरा चेक मैजिक पेन से भर लिया। ऐसा करने पर प्रकाश को कुछ गड़बड़ लगा तो उन्होंने कैंसिल चेक को ब्लॉक करा दिया। दो दिन बाद जालसाज 48500 रुपये का चेक लेकर नवीन मंडी के पास बैंक की शाखा में पहुंच गया। पूर्व सूचना के चलते बैंककर्मियों ने जब उसे पकड़ना चाहा तो वह फरार हो गया। लेकिन पूरा वाक्या बैंक के सीसीटीवी में कैद हो गया है। जालसाज की पहचान की जा रही है।
मैजिक पेन आखिर है
मैजिक पेन एक ऐसा पेन होता है। जिससे किसी भी कागज में कुछ भी लिखने पर थोड़ी देर में कागज में जो कुछ लिखा है सब मिट जाता है। इसकी स्याही उड़ने वाली होती है। यानी अगर आप इस पेन से कुछ लिखते हैं तो वह 2 से 3 घंटे बाद अपने आप मिट जाता है। शातिर अपराधी कागजात सम्बन्धी हेराफेरी के लिए इसका प्रयोग करते है।
