चमोली में ‘गोल्ड स्कैम’ का बड़ा खुलासा: असली गहने हड़प, नकली पर जाली हॉलमार्क लगाकर लौटाते थे ठग
देहरादून/चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक सनसनीखेज गोल्ड स्कैम का पर्दाफाश हुआ है, जहां ठगों का एक गिरोह लोगों के असली सोने के गहने हड़पकर उनकी जगह नकली गहने थमा रहा था। हैरानी की बात यह है कि इन नकली गहनों पर इतनी चालाकी से फर्जी हॉलमार्क लगाया जाता था कि आम व्यक्ति के लिए असली-नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता था।
ऐसे हुआ पूरे खेल का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब ज्योतिर्मठ निवासी लवली रावत ने 19 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार, उन्होंने जुलाई 2025 में अपनी नथ और झुमके 40 हजार रुपये में गिरवी रखे थे, जिस पर हर महीने 2 हजार रुपये ब्याज तय हुआ था। यह सौदा ज्योतिर्मठ के अपर बाजार स्थित एक ज्वैलर्स के साथ हुआ था।
महिला ने बताया कि नवंबर में पैसे चुकाने के बाद दिसंबर में जब उन्होंने अपने गहने वापस लिए और पहने, तो आसपास के लोगों ने उनके नकली होने की आशंका जताई। शक होने पर जब गहनों की अन्य ज्वैलर्स से जांच कराई गई, तो चौंकाने वाला सच सामने आया—गहने नकली थे और उन पर जाली हॉलमार्क लगाया गया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। 21 मार्च को महिला को थाने बुलाकर गहनों को सील किया गया और आरोपी ज्वैलर्स संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने महिला के असली गहनों को हड़पने के लिए नकली गहने तैयार करवाए और उन पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर वापस कर दिए।
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग निवासी उसका साथी कम कैरेट की ज्वैलरी पर फर्जी 20 कैरेट का हॉलमार्क लगाकर उसे असली जैसा बनाता था। इसके लिए वह बिना लाइसेंस की मशीन का इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कर्णप्रयाग में छापा मारा और दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से हॉलमार्किंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और काफी समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने कीमती गहनों को गिरवी रखने या खरीदने से पहले संबंधित ज्वैलर्स की पूरी जांच-पड़ताल करें और हॉलमार्क की प्रमाणिकता जरूर सुनिश्चित करें।
इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने कई और लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
