बेतालघाट में भगदड़
Spread the love

कम्बल वितरण बना आफत! बेतालघाट में भगदड़, दीवार ढही, 6 घायल

बिना अनुमति 6 हजार की भीड़ जुटी, SSP नैनीताल का कड़ा एक्शन

बेतालघाट (नैनीताल)। गरीबों को कम्बल बांटने का कार्यक्रम बेतालघाट में अफरा-तफरी और भगदड़ में बदल गया। मिनी स्टेडियम में अव्यवस्थित भीड़ के दबाव से दीवार ढह गई, जिससे 6 लोग घायल हो गए। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया है।

घटना 16 फरवरी 2026 की है, जब “बाबा हेल्प देम फाउंडेशन” के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार और तारा भंडारी (निवासी बेतालघाट) द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि कार्यक्रम के लिए न तो किसी सक्षम प्रशासनिक अधिकारी से अनुमति ली गई थी और न ही स्थानीय थाना पुलिस को सूचित किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों को बुलाया गया था। लोकगायन और कम्बल वितरण के नाम पर भारी भीड़ स्टेडियम में जुटी, लेकिन आयोजकों की ओर से भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा या आपातकालीन प्रबंधन के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।

कार्यक्रम का संचालन तारा भंडारी कर रही थीं, जबकि शीलू कुमार, नरेश पांडे और अन्य सहयोगियों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से कम्बल बांटे जा रहे थे। कम्बल लेने के लिए लोगों की भीड़ एक ही स्थान पर टूट पड़ी और अचानक दबाव इतना बढ़ गया कि स्टेडियम की दीवार भरभराकर गिर गई।

दीवार के नीचे दबकर 6 लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना में सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०र०द० अधिकारी कुन्दन कुमार की तहरीर पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख), 190, 292 बीएनएस तथा लोक संपत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति हजारों लोगों की भीड़ जुटाकर लापरवाही बरतना गंभीर अपराध है। मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love