हल्द्वानी में दुकान पर खूनी झगड़ा: कपड़ा खरीदने पहुंचे युवक पर कैंची से हमला, 5 दिन ICU में रहा भर्ती
हल्द्वानी। शहर के संवेदनशील बनभूलपुरा इलाके में एक मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। कपड़े खरीदने पहुंचे एक युवक पर दुकानदार और उसके परिजनों द्वारा कैंची से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला बनभूलपुरा थाना क्षेत्र की नई बस्ती आस्ताना मस्जिद के पास का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले अनस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी की रात वह मोहल्ले में ही स्थित जावेद की कपड़े की दुकान पर खरीदारी करने गया था। इसी दौरान पुराने लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी बीच जावेद का भाई मुस्तफा और उसकी बहन भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर अनस के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि झगड़े के दौरान जावेद ने दुकान में रखी कैंची उठाकर उसकी छाती पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर अनस की पत्नी शन्नो भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायल अनस को इलाज के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसके सीने पर गहरा घाव था, जिस पर चार टांके लगाने पड़े और हालत गंभीर होने के चलते उसे पांच दिन तक आईसीयू में भर्ती रखना पड़ा।
वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
