कोटद्वार फायर स्टेशन में रिश्वतखोरी
Spread the love

कोटद्वार फायर स्टेशन में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, विजिलेंस का जाल, लीडिंग फायरमैन 20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोटद्वार। सरकारी विभागों में फैले भ्रष्टाचार पर विजिलेंस ने एक बार फिर बड़ा वार किया है। कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात लीडिंग फायरमैन (LFM) रणधीर सिंह को विजिलेंस टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई से पूरे फायर विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फायरमैन रणधीर सिंह ने मालिनी वैली कॉलेज ऑफ एजूकेशन, कोटद्वार की बिल्डिंग की फायर एनओसी रिन्यूअल के नाम पर कॉलेज प्रबंधन से मोटी रकम की मांग की थी। आरोपी ने साफ तौर पर एनओसी के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत तय कर रखी थी।

रिश्वत से परेशान शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले की गहन जांच कर ट्रैप प्लान तैयार किया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने फायर स्टेशन के पास रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।


Spread the love

You missed