Spread the love

रुद्रपुर में प्रेम प्रसंग के चलते बीएससी छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

रुद्रपुर (जिला ऊधम सिंह नगर): शहर के ट्रांजिट कैंप स्थित आज़ाद नगर क्षेत्र में एक 18 वर्षीय बीएससी छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। छात्रा ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के चलते अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के टहा गांव निवासी राकेश रस्तोगी अपने परिवार के साथ लंबे समय से रुद्रपुर में रह रहे हैं। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर उनकी 18 वर्षीय बेटी रीतू रस्तोगी, जो बीएससी की छात्रा थी, घर पर अकेली थी। इसी दौरान वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

कुछ समय बाद जब उसकी मां कमरे में पहुंचीं तो रीतू को फंदे से लटका पाया। शोर सुनकर अन्य परिजन और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। परिजन तुरंत उसे नीचे उतार कर जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

थानाध्यक्ष मोहन पांडे और एसआई महेश कांडपाल ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

छात्रा के भाई के अनुसार, रीतू का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो वे रिश्ते की बात लेकर युवक के घर गए थे, लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। परिजनों ने रीतू को समझाने की कोशिश की, पर वह उस युवक से विवाह करने की जिद पर अड़ी रही। माना जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


Spread the love