नैनीताल दुष्कर्म: आरोपी पर धामी सरकार का शिकंजा, अवैध निर्माण पर बुलडोजर की तैयारी
नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड की धामी सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। आरोपी उस्मान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब प्रशासन उसके अवैध निर्माण पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।
नैनीताल नगर पालिका प्रशासन ने इस संबंध में तेजी दिखाते हुए आरोपी के आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि उस्मान का मकान वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस अवैध निर्माण को जल्द ही ध्वस्त कर दिया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुलडोजर कार्रवाई की पूरी तैयारी कर ली गई है और आने वाले दिनों में इस पर तेज़ी से अमल किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड की अस्मिता और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें उनके सही स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
राज्य सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों की कोई जगह नहीं है। इसी संदेश को ज़मीनी स्तर पर लागू करते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने यह कड़ी कार्रवाई शुरू की है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को न केवल कानून के उल्लंघन के खिलाफ एक कदम के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह समाज में एक कड़ा संदेश भी देगा कि उत्तराखंड में अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। राज्य सरकार के इस रुख से आम जनता और हिंदू संगठनों ने संतोष व्यक्त किया है।
