Spread the love

रामनगर में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार — क्षेत्र में आक्रोश

नैनीताल। रामनगर क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ घिनौनी हरकत की और घटना का वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। पीड़िता के परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा को आरोपियों ने किसी खाद्य पदार्थ में नशीला तत्व मिलाकर जबरन बेहोश किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उस कृत्य का वीडियो तैयार कर लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

मामले पर भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कृत्य समाज और मानवता के लिए कलंक है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामनगर का शांतिपूर्ण वातावरण बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
जोशी ने कहा कि यदि शुक्रवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे जनआंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस हाल ही में हुए मांस प्रकरण में कुछ लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है।

वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा होता है। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।


Spread the love