मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार
सुप्रीम कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज होगी सुनवाई
राहुल गांधी ने परिवार से की फ़ोन पर की वार्ता
शनिवार से अगले रविवार तक बंद रहेगा सुप्रीम कोर्ट
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में ईडी ने कल गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया था। तब से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शराब घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के परिवार से फोन पर बातचीत की। राहुल गांधी ने केजरीवाल के परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने बताया कि पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। एनसीपी एससीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा है कि यह सब एक व्यवस्थित योजना है। यह शर्मनाक और लोकतंत्र के लिए घातक है।
सूत्रों कि माने तो शराब घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रात ईडी लॉकअप में गुजरी। वह रातभर ठीक से सो नहीं पाए। उन्हें रात में घर से कंबल और दवाइयां दी गई थीं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में गुरुवार शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। ईडी की टीम कल शाम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची थी। करीब दो घंटे की पूछताछ और आवास पर तलाशी के बाद ईडी ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था। केंद्रीय जांच एजेंसी उन्हें रात 11:30 बजे के करीब लेकर अपने हेडक्वार्टर गई थी। जहां उनका मेडिकल चेकअप किया गया था।
केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या है आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी बीजेपी के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। हम इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने राष्ट्रीय संयोजक की गिरफ्तारी के विरोध में आज दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय का घेराव करेगी। इधर मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास की तरफ जाने वाली सड़क को भी दोनों तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया गया है और सुरक्षा का भारी-भरकम बंदोबस्त किया गया है।
देर रात अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो पायी। गिरफ्तारी से कुछ देर पहले केजरीवाल के वकीलों की टीम ने सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार से सम्पर्क किया। रजिस्ट्रार ने उनको इंतजार करने को कहा बाद में टीम ने तय किया कि सुप्रीम कोर्ट अरविंद केजरीवाल की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा। आम आदमी पार्टी मामले में तत्काल सुनवाई के लिए चीफ जस्टिस की कोर्ट में मैटर को मेंशन करेगी। इधर सुप्रीम कोर्ट होली के अवकाश के कारण शनिवार से अगले रविवार तक बंद रहेगा यदि आज सुनवाई नहीं होती तो नौ दिन तक इंतजार करना पड़ेगा होली की छुट्टी से पहले शुक्रवार को नियमित सुनवाई का आखिरी दिन है।
आम आदमी पार्टी के करीब एक दर्जन से अधिक विधायक नेता अभी तक गिरफ्तार हो चुके हैं इस लिस्ट में अब सीएम केजरीवाल का नाम भी शामिल हो गया है। अंतिम बार जिस बड़े नेता की गिरफ्तारी हुई थी वो आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह थे।
आम आदमी पार्टी के नेताओ का सफ़र हवालात तक
संजय सिंह
अक्टूबर 2023 में दिल्ली की कथित शराब नीति घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने लंबी पूछताछ के बाद संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। फिलहाल संजय सिंह जेल में बंद हैं। ईडी ने पहले संजय सिंह के यहां ये छापेमारी की थी।
मनीष सिसोदिया
शराब घोटाले में सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को 8 घंटे की पूछताछ के बाद दिल्ली के तत्कालीन डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को सबूतों को नष्ट करने के आरोप में भी गिरफ्तार किया था।
सत्येंद्र जैन
सिसोदिया से पहले आप नेता सत्येंद्र जैन को ED ने मई 2022 में कथित हवाला लेनदेन के आरोप में गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने मेडिकल ग्राउंड पर उन्हें करीब नौ महीने पहले अंतरिम जमानत दी थी लेकिन बीते हफ्ते ही उनकी जमानत रद्द कर दी गई थी उन्हें तिहाड़ के जेल नंबर 7 में रखा गया है।
अमानतुल्ला खान
विधायक अमानतुल्ला खान फिलहाल दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अवैध भर्तियों और वित्तीय हेराफेरी से जुड़े एक मामले में जमानत पर बाहर हैं। उन्हें एंटी करप्शन ब्यूरो ने सितंबर, 2022 में अरेस्ट किया था। अमानतुल्ला खान पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न, बलात्कार और हत्या के लिए डराने-धमकाने के आरोप लगाए थे। दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अवैध भर्तियों और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप भी अमानतुल्ला पर लगे थे।
सोमनाथ भारती
पूर्व कानून मंत्री और मालवीय नगर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक सोमनाथ भारती को पुलिस ने दिसंबर 2015 में गिरफ्तार किया था। भारती पर उनकी पत्नी ने हत्या करने और घरेलू हिंसा करने के आरोप लगाए थे. इसके बाद एम्स में संपत्ति को नुकसान पुहंचाने और सुरक्षा गार्ड से मारपीट करने के मामले में भी सोमनाथ भारती सुर्खियों में आए थे। सुरक्षा गार्ड से मारपीट केस में 2021 में दिल्ली की एक अदालत ने सोमनाथ को 2 साल की सजा सुनाई थी।
संदीप कुमार
आम आदमी पार्टी में मंत्री रहे संदीप कुमार 2016 में राशन कार्ड बनवाने के बहाने महिला से रेप केस में जेल जा चुके हैं।
नरेश यादव
महरौली क्षेत्र के विधायक नरेश यादव को पुलिस ने पंजाब के मलेरकोटला में कुरान के खिलाफ ईशनिंदा के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालाकि 2021 में कोर्ट ने उन्हें इस मामले से बरी कर दिया था।
प्रकाश जारवाल
देवली क्षेत्र से विधायक प्रकाश जारवाल को जुलाई 2016 में एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह 2018 में दिल्ली के मुख्य सचिव से बदसलूकी के मामले में गिरफ्तार हुए। इससे पहले उन्हें साल 2014 में दिल्ली जल बोर्ड के एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने के आरोप में भी जारवाल को गिरफ्तार किया गया था।
अखिलेशपति त्रिपाठी
मॉडल टाउन से विधायक विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी को नवंबर 2019 में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि, थोड़ी देर बाद दिल्ली राउज़ एवेन्यू कोर्ट से 25 हजार के मुचलके पर उन्हें जमानत भी मिल गई थी। अखिलेश पर दंगा भड़काने के आरोप लगे थे।
मनोज कुमार
कोंडली से विधायक मनोज कुमार 10 जुलाई, 2015 को कथित धोखाधड़ी और जमीन कब्जाने के आरोप में गिरफ्तार हुए थे। घरेलू हिंसा मामले में कोर्ट ने साल 2020 में मनोज को बरी किया था।
शरद चौहान
नरेला क्षेत्र के विधायक शरद चौहान पर जून 2016 में अपनी ही पार्टी की कार्यकर्ता सोनी मिश्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार हुए थे।
जितेंद्र सिंह तोमर
त्रिनगर से विधायक रहे जितेंद्र सिंह तोमर को फर्जी कानून की डिग्री रखने के आरोप में साल 2015 में गिरफ्तार किया गया था। वो आप सरकार में तत्कालीन कानून मंत्री थे। तोमर डेढ़ महीने तिहाड़ जेल में भी रहे थे।
दिनेश मोहनिया
संगम विहार से विधायक दिनेश मोहनिया पर जून 2016 में छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि 2020 में उन्हें दिल्ली की एक अदालत ने आरोपों से बरी कर दिया था।
