Spread the love

क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, हल्द्वानी में सामने आई शिकायत

हल्द्वानी, 10 सितम्बर 2025। क्रिप्टो करेंसी निवेश के नाम पर उत्तराखंड सहित देशभर में चल रहे बड़े धोखाधड़ी रैकेट का मामला सामने आया है। हल्द्वानी निवासी प्रदीप कुमार सागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को प्रेषित शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिचितों को केलाश मिश्रा निवासी हैडल गेट हल्द्वानी नामक व्यक्ति और उसके सहयोगियों ने लाखों रुपये का चूना लगाया है।

शिकायतकर्ता प्रदीप सागर के अनुसार, आरोपी ने उन्हें भारी मुनाफे का लालच देकर क्रिप्टो ट्रेडिंग में पैसे लगाने को प्रेरित किया। शुरुआत में ‘BSG कंपनी’ और बाद में ‘BBD नामक ऐप’ के जरिए निवेश कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद न तो पैसा वापस किया गया और न ही कोई लाभ मिला। इसके विपरीत, धमकाकर और झूठे आश्वासन देकर अधिक धनराशि जमा करवाई गई।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि यह गिरोह सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और सैकड़ों लोगों को ठग चुका है। निवेशकों की अज्ञानता और लालच का फायदा उठाकर यह गैंग पूरे देश में अपना जाल फैला रहा है।

शिकायत पत्र के साथ पुलिस को जिन लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सौंपे गए हैं, उनमें मुख्य रूप से –

  1. • सुनील सूर्यकांत सातम (मुंबई)
  2. • महेंद्र श्रीपाद पोखरापुरकर (ठाणे)
  3. • संतोष भाऊ कदम (मुंबई)
  4. • रेखा संदीप उबाले (उल्हासनगर)
  5. • संतोष प्रभाकर सापकल (मुंबई) आदि शामिल हैं।

शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि आरोपी लोग नए-नए ऐप्स बनाकर, डिज़ाइन कर और प्रचार कर भोले-भाले निवेशकों से मोटी रकम ऐंठ रहे हैं।

इस मामले की खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


Spread the love