बाजपुर: चूल्हे के धुएं को लेकर देवरानी-जिठानी में विवाद, लाठी-डंडों से हमला, चार घायल
बाजपुर (उधमसिंहनगर)। घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब चूल्हे के धुएं को लेकर देवरानी और जिठानी के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चल गए और दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे मोहल्ला टांडा बंजारा, सुल्तानपुर पट्टी की है। यहां रहने वाले राजपाल पुत्र डोरीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके घर में अधिक धुआं भरने पर उसकी पत्नी सोरज ने जिठानी से शिकायत की। इस पर पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
राजपाल का आरोप है कि उसके परिवार पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया गया। जब वह खुद ई-रिक्शा से घर पहुंचा तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष की महिला रेखा पत्नी कन्हैया ने अपनी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे वह खाना बना रही थी। उसी दौरान उसके देवर राजपाल ने पहले गाली-गलौज की और फिर अपनी पत्नी के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में रेखा और उसका पुत्र शिवा घायल हो गया।
पुलिस दोनों पक्षों से मिली तहरीरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से विधिवत प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। घायल चारों लोगों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
