Spread the love

गदरपुर में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, घर में घुसकर की गई फायरिंग

गदरपुर (उधम सिंह नगर), उत्तराखंड — उधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह चीमा पर उनके ही घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। फायरिंग में घायल हुए भाजपा नेता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना ग्रामसभा मोतियापुर के आजाद नगर की है, जहां भाजपा नेता जसवीर सिंह चीमा अपने आवास पर परिवार के साथ सो रहे थे। रात करीब 2:15 बजे, अज्ञात हमलावर घर में घुसे और जसवीर सिंह पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनते ही पास के कमरे में सो रही उनकी पत्नी जसविंदर कौर ने शोर मचाया, जिससे हमलावर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस थाना और स्थानीय फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात हमलावरों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है।

घायल भाजपा नेता को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई और बेहतर इलाज के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। वर्तमान में वह आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है, और यह भी देखा जा रहा है कि हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश या राजनीतिक वजह तो नहीं है।


Spread the love