Spread the love

मुखानी हत्याकांड का खुलासा : योग ट्रेनर ज्योति मेर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में हुई सनसनीखेज महिला योग ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी अभय कुमार उर्फ राजा पुत्र अरुण कुमार यादव निवासी वाल्मीकि नगर, बिहार को नेपाल से फरार होने के बाद नगला तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।

3 अगस्त 2025 को ज्योति मेर की मां दीपा मेर, निवासी हल्दुचौड़ तुलारामपुर, थाना लालकुआं, ने मुखानी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने अपनी पुत्री की हत्या का शक अजय यदुवंशी और उसके छोटे भाई अभय यदुवंशी (राजा) पर जताया। ज्योति मेर, जोधपुर (राजस्थान) की रहने वाली थीं और वर्तमान में जे.के. पुरम छोटी मुखानी में रहकर अजय योगा एंड फिटनेस सेंटर में महिला योगा ट्रेनर के रूप में कार्यरत थीं।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र और सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बाहर निकलता दिखा, जिसकी पहचान अभय कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीमें अभियुक्त की तलाश में उसके मूल पते और नेपाल तक भेजी गईं। लगातार प्रयासों के बाद 19 अगस्त 2025 को नगला तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी अभय ने बताया कि हल्द्वानी में उसके भाई अजय का फिटनेस सेंटर है, जिसमें प्रबंधन का काम वही देखता था। इस दौरान ज्योति मेर और अजय के बीच अवैध संबंध बन गए थे। इसे लेकर अजय ने अपने भाई अभय को आर्थिक मदद देना बंद कर दिया और घर से निकाल दिया। इससे नाराज होकर अभय ने ज्योति के कमरे में घुसकर उसके दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात के बाद नेपाल भाग गया।

गिरफ्तार आरोपी से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।


Spread the love