Spread the love

बी.डी. पांडे अस्पताल के पास सरकारी गोदाम में लगी आग, नशेड़ियों की करतूत से मचा हड़कंप

नैनीताल। बी.डी. पांडे अस्पताल के समीप स्थित एक सरकारी गोदाम में शनिवार शाम अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह आग नशेड़ियों की वजह से लगी, जो अक्सर इस स्थान पर जुटते हैं और क्षेत्रवासियों की परेशानी का कारण बनते हैं।

आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, लेकिन इससे पहले कि स्थिति और बिगड़ती, स्थानीय लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया और पानी की बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों की सतर्कता और तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। इस दौरान मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चे भी अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने में मदद करते दिखे।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह गोदाम नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। कई बार मना करने और शिकायत करने के बावजूद इन लोगों की हरकतें कम नहीं हो रही हैं। शाम होते ही बी.डी. पांडे अस्पताल क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगना आम हो चला है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में नियमित गश्त कराई जाए और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Spread the love