शिक्षा निदेशालय में घुसकर हमला मामले में : हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अरविंद पंडीर उर्फ कल्ली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। जल्द ही अन्य गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 21 फरवरी को शिक्षा निदेशालय में एक विद्यालय के नामकरण को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोग निदेशक कक्ष में जबरन घुस गए। आरोप है कि उन्होंने कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ते हुए जमकर हंगामा किया और शिक्षा निदेशक अजय कुमार गौड़ के साथ मारपीट की।
निदेशक की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर राकेश शर्मा कांड और उसके साथियों के खिलाफ लोक सेवक के कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान, जान से मारने की धमकी और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा, निदेशक की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी सुशील सोलंकी की शिकायत पर भी अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का अलग मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बयान, साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपियों अरविंद पंडीर उर्फ कल्ली,लक्ष्मण नवानी,रोकेश थपलियाल,अक्षय राणा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
