Spread the love

अधिक ब्याज का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़, दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी का बड़ा खुलासा, आमजन से सतर्क रहने की अपील

नैनीताल। जनपद नैनीताल में लंबे समय से लंबित एक बड़े वित्तीय घोटाले का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई प्रभावी कार्रवाई में जनता से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी द्वारा गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली रामनगर में दिनांक 13 जून 2023 को एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC के अंतर्गत दर्ज एक बड़े आर्थिक अपराध की जांच में यह खुलासा हुआ कि अभियुक्तों द्वारा “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था वर्ष 2017 में हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) एवं रामनगर में खोली गई थी।

अभियुक्तों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अधिक ब्याज व गारंटी का लालच दिया और अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल सहित कई जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से भारी धनराशि निवेश कराई।

जांच में सामने आया कि हजारों निवेशकों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र किए गए, जिसे संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) एवं विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम द्वारा दिल्ली, हरियाणा एवं लखनऊ में लगातार दबिश दी गई। अंततः दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं तथा इस गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की संभावना है। मामले में आगे की जांच जारी है और शीघ्र ही अन्य गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

आपराधिक इतिहास

कोतवाली रामनगर – एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC

थाना मुखानी –

मु.अ.सं. 181/25, धारा 420 IPC, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act

मु.अ.सं. 50/23, धारा 420 IPC

गिरफ्तार अभियुक्त

हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)

खाते में प्राप्त राशि: ₹2 करोड़ 26 लाख

विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)

खाते में प्राप्त राशि: ₹4 करोड़ 58 लाख

सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


Spread the love