चोरी की स्कूटी
Spread the love

देहरादून में ‘कैमरे में कैद चोर’ का खेल!

चोरी की स्कूटी पर फर्राटा, 6500 का चालान… लेकिन गिरफ्तारी अब तक नहीं

देहरादून में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शहर में चोरी हुई स्कूटी पर सवार एक युवक बेखौफ सड़कों पर घूमता रहा, ट्रैफिक नियम तोड़ता रहा, कैमरों में साफ दिखाई देता रहा — यहां तक कि उसका चालान भी कट गया — लेकिन पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं सकी!

क्या है पूरा मामला?

अजबपुर खुर्द स्थित सरस्वती विहार निवासी नितिन सिलवाल की स्कूटी 14 नवंबर 2025 की रात उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित ने तुरंत थाना नेहरू कॉलोनी में एफआईआर दर्ज कराई। दिन बीतते गए, लेकिन स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिला। जनवरी 2026 में नितिन ने पुलिस की धीमी कार्रवाई पर नाराज़गी जताते हुए लिखित शिकायत भी दी। इसके बावजूद मामला ठंडे बस्ते में ही पड़ा रहा।

और फिर आया बड़ा खुलासा…

26 फरवरी 2026 को राजपुर रोड क्षेत्र में ट्रैफिक नियम तोड़ते एक युवक पर ई-चालान किया गया। जांच में पता चला कि जिस स्कूटी पर वह सवार था, वह वही चोरी की गई स्कूटी थी! आरोपी ने बिना हेलमेट वाहन चलाया, मोबाइल पर बात की, रेड लाइट जंप की, प्रदूषण नियमों का उल्लंघन किया — और इन सबके लिए कुल 6500 रुपये का चालान भी कट गया।

सबसे चौंकाने वाली बात?

उसकी तस्वीरें ऑटोमेटिक ट्रैफिक कैमरों में बिल्कुल साफ कैद हो गईं। चालान में ट्रैफिक कांस्टेबल सूरज और अनुज को साक्षी के रूप में दर्ज किया गया है। अब पीड़ित नितिन के पास अपनी स्कूटी तो नहीं है, लेकिन चोर की हरकतों का पूरा रिकॉर्ड चालान की कॉपी के रूप में मौजूद है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब आरोपी का चेहरा कैमरे में साफ कैद है और चालान का पूरा विवरण उपलब्ध है, तो पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर पाई?

थाना नेहरू कॉलोनी के थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, चालान की जानकारी मिल चुकी है और कैमरों में कैद तस्वीरों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली जाएगी।


Spread the love