लामाचौड़ में ‘सोने का खेल’! ज्वेलर लाखों का माल समेटकर फरार, महिलाओं का फूटा गुस्सा
हल्द्वानी के लामाचौड़ इलाके में भरोसे की दुकान अब धोखाधड़ी का अड्डा साबित हुई है। ‘मां भगवती ज्वैलर्स’ का संचालक ज्वेलरी बनाने और सुरक्षित रखने के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये का सोना और भारी नकदी लेकर अचानक गायब हो गया। आरोप है कि ज्वेलर करीब 228.3 ग्राम सोना और मोटी रकम लेकर फरार हो चुका है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पीड़ितों के मुताबिक, छह फरवरी को ज्वेलर ने अचानक दुकान बंद की और फिर उसका कोई अता-पता नहीं चला। मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि ज्वेलर की पत्नी ने पहले ही मुखानी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा रखी है, जबकि दूसरी ओर पीड़ित महिलाएं इसे सोची-समझी ठगी बता रही हैं।
मंगलवार को इलाके की कई महिलाएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के पास पहुंचीं और शिकायती पत्र सौंपकर ज्वेलर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि सोमवार को जब वे मुखानी थाने शिकायत लेकर पहुंचीं, तो थानाध्यक्ष ने उनकी एक नहीं सुनी।
पीड़ितों के अनुसार, मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत (निवासी ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत, अल्मोड़ा) कर रहे थे। नरेंद्र रावत लंबे समय से लामाचौड़ में रहकर लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना और नकदी लेता रहा।
एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात पीड़ितों ने अपने-अपने नुकसान का ब्योरा दिया है—
पूरन सिंह बोहरा: 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का
बसंती देवी: 21.280 ग्राम सोना, ₹50,000 नकद और ₹50,000 ऑनलाइन
पुष्पा कन्याल: 20 ग्राम सोना और ₹1.85 लाख नकद
हेमलता दानू: 26.4 ग्राम सोना, ₹27,000 नकद और ₹48,000 ऑनलाइन
पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई, संपत्ति कुर्की और पूरा धन व सोना वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

