हल्द्वानी:- 65.50 लाख की ठगी
अलग- अलग 15 गूगल पे नंबरों पर रकम ट्रांसफर कराई
हल्द्वानी, देहरादून और गुरुग्राम के चार लोगों को फंसाया
हल्द्वानी। मुखानी पुलिस को प्राप्त तहरीर में जालसाज ने पहाड़ी उत्पाद वाली संस्था बताकर एक युवक, उसकी मां और दोस्तों को निवेश का झांसा देकर 65.50 लाख रुपये की ठगी कर रफूचक्कर हो गया। मुखानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
शुभम धर्मशक्तू निवासी शांति विहार लालडांठ ने पुलिस को बताया कि वह स्टार्टअप वाली कंपनियों में निवेश करते हैं। जालसाज कैलाश सिंह सामंत से उनका सम्पर्क 14 मार्च 2022 को इंस्टाग्राम के माध्यम से हुआ था जालसाज ने खुद को पहाड़ी उत्पाद दाल, मडुवा, हर्बल टी आदि दूसरे राज्यों में बेचने वाली संस्था द्विमुत का संचालक बताया। कहा कि मुनस्यारी, डीडीहाट, धारचूला में उनके स्टोर हैं।
जालसाज ने अलग-अलग समय पर निवेश का झांसा देकर शुभम से 7.60 लाख, तनुज मर्तोलिया से 24.90 लाख, अखिलराज से 5 लाख, मनीषा से 4 लाख और पुष्पा से 24 लाख रुपए कुल 65.50 लाख की राशि हड़प ली। एसओ मुखानी प्रमोद पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
