Spread the love

हल्द्वानी पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक-मोबाइल के साथ पिस्टल और कारतूस बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अवैध पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा में भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

ऐसे खुला चोरी का राज
10 मार्च 2026 को हीरानगर निवासी प्रकाश कविदयाल ने घर के बाहर खड़ी अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (UK 04 K 6143) चोरी होने की रिपोर्ट कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन राजपुरा निवासी सुमित मार ने अपनी दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।

लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर कवि बिष्ट नामक शातिर चोर को दबोच लिया।

आरोपी के पास से क्या-क्या मिला
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:

चोरी की 01 पल्सर मोटरसाइकिल

04 मोबाइल फोन (3 वीवो, 1 सैमसंग)

01 देशी पिस्टल (.32 बोर)

02 जिंदा कारतूस

बरामद किए हैं। अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कवि बिष्ट (33 वर्ष) निवासी गोलू माजरा, डेराबस्सी (मोहाली, चंडीगढ़) एक शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकुला समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा करने में जुटी है।


Spread the love

You missed