गोली मारकर हत्या
Spread the love

देहरादून में खौफनाक वारदात: तलाकशुदा महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या, दरवाजा खोलते ही दाग दी गोली

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शिवाजी नगर इलाके में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या से पूरे शहर में दहशत फैल गई। बाइक सवार बदमाश ने एक तलाकशुदा महिला के किराये के कमरे पर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया और जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, बाहर से ही पिस्टल सटाकर सीने में गोली दाग दी। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के भीतर महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद शिवाजी नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रीति रावत (32) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से शिवाजी नगर में किराये पर रह रही थी और आउटसोर्स एजेंसी के जरिए एम्स ऋषिकेश में नौकरी कर रही थी। प्रीति तलाकशुदा थी और उसका एक 8 वर्षीय बेटा है, जो फिलहाल अपने नाना के साथ रहता है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद बाइक से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे पुराने विवाद, निजी रंजिश या नजदीकी परिचित की भूमिका से भी इनकार नहीं कर रही है।

इस मामले में एक और गंभीर लापरवाही भी उजागर हुई है। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक द्वारा महिला का किरायेदार सत्यापन नहीं कराया गया था। इसे लेकर मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सिटी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और हत्या की वजह जानने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

 


Spread the love