हल्द्वानी में खून का रिश्ता बना कातिल,छोटे भाई की बीमारी और पैसों की तंगी ने बड़े भाई को बना दिया हत्यारा
हल्द्वानी (नैनीताल)। राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी और छोटे भाई की गंभीर बीमारी से परेशान एक बड़े भाई ने ही अपने सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना 03 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि संदीप जायसवाल नामक व्यक्ति शराब के नशे में अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल के घर पहुंचा और कहासुनी के बाद अचानक हिंसक हो गया। गुस्से में उसने पहले मारपीट की और फिर लोटे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे बचा पाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने महज चार घंटे के भीतर सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए नामजद आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, फॉरेंसिक टीम से मौके का निरीक्षण कराया और सुरागरसी-पतारसी करते हुए त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की एक अवैध रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया। अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसका छोटा भाई लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराना उसके लिए मुश्किल हो रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था। इसी तनाव में उसने शराब का सेवन किया और गुस्से में आकर अपने छोटे भाई के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी की पहचान संदीप जायसवाल पुत्र स्वर्गीय लल्लन प्रसाद जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।





