Spread the love

हल्द्वानी में तस्करों का हमला: दो वन दरोगाओं को किया घायल, बंदूक तोड़ी और लूटी कारतूस

हल्द्वानी में तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने गुरुवार रात दो वन दरोगाओं पर हमला कर दिया। तस्करों ने न केवल दोनों दरोगाओं को गंभीर रूप से घायल किया, बल्कि उनकी सरकारी बंदूक तोड़कर छह कारतूस भी लूट लिए और बाइक तथा मोबाइल फोन भी तोड़ डाले। इस घटना के बाद पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी और मोहन सिंह चौहान लामाचौड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास दो बाइक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आते हुए दिखाई दिए। दरोगाओं ने उनका पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट के पास गाड़ी को रोक लिया, जिसमें बेल (फल) से भरे कट्टे लदे हुए थे।

वन दरोगा जैसे ही उनके पास गए उन्होंने ने हमला कर दिया। लाठियों से दोनों को घायल कर दिया। मोहन सिंह ने बताया कि जैसे ही सरकारी बंदूक से गोली चलानी चाही तो आरोपियों ने उसे छीनकर तोड़ दिया और गेट तोड़कर वे सभी भाग निकले। किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने के बाद दोनों दरोगाओं ने फिर से तस्करों का पीछा किया और कुछ दूर आगे उन्हें खड़ा हुआ ट्रैक्टर मिल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Spread the love