हल्द्वानी में साइबर ठगों का नया शिकार, आर्मी कर्नल बनकर ट्रैवल एजेंट से 25 हजार की ठगी
हल्द्वानी। साइबर ठगों ने हल्द्वानी में ठगी का नया मामला अंजाम दिया है। पहले रोडवेज परिचालक को चूना लगाने के बाद अब गौलापार के एक ट्रैवल एजेंट से 25 हजार रुपये हड़प लिए गए। आरोपी ने खुद को सेना का कर्नल बताकर टेम्पो ट्रैवलर बुक कराया और झांसा देकर रकम ऐंठ ली।
गौलापार जगतपुर निवासी गौरव शर्मा, जो हल्द्वानी के खानचंद मार्केट में “डोर एंड ट्रेवल” नाम से ट्रैवल व्यवसाय चलाते हैं, ने बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब सात बजे उन्हें एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को कर्नल जोरा सिंह बताया और अल्मोड़ा से दिल्ली जाने के लिए 17 सीटर टेम्पो ट्रैवलर बुक करवाई।
जब वाहन अल्मोड़ा पहुंचा, तो आरोपी ने आर्मी नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले 25,000 रुपये और 1 रुपया उनके खाते में भेजना जरूरी है। बदले में 50 हजार रुपये आर्मी की ओर से रिफंड किए जाएंगे, क्योंकि कथित तौर पर आर्मी का यूपीआई 50 हजार से कम का ट्रांजेक्शन स्वीकार नहीं करता।
गौरव ठग के झांसे में आ गए और उन्होंने दो रुपये और फिर 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
साइबर ठग ने वाहन चालकों के आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मांगे, जिन्हें ड्राइवर ने व्हाट्सएप पर भेज दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
घटना के दौरान ड्राइवर भूपेंद्र सिंह का बैंक खाता भी करीब छह घंटे के लिए हैक हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
चोरगलिया थानाध्यक्ष हरपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर संवेदनशील जानकारी या पैसे ट्रांसफर न करें, चाहे सामने वाला खुद को किसी बड़ी संस्था या विभाग का अधिकारी ही क्यों न बताए।
