हरिद्वार में संगीन वारदात: नौकरानी ने खाने में मिलाया नशीला पदार्थ, पूरा परिवार बेहोश
ज्वालापुर में सराफा कारोबारी के घर लाखों की चोरी, आरोपी फरार, CCTV में कैद हुई तस्वीरें
हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सराफा कारोबारी यशपाल मल्होत्रा के घर पर काम करने वाली नेपाली मूल की नौकरानी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर कारोबारी, उनकी पत्नी और पोते को बेहोश कर दिया। मौके का फायदा उठाकर नौकरानी लाखों रुपये के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात उस समय हुई जब पीड़ित परिवार घर पर मौजूद था। नौकरानी ने सभी के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। तभी कारोबारी की बेटी अचानक घर पहुंच गई और नौकरानी को संदिग्ध हालत में देखकर शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गई।
बेहोश अवस्था में परिवार के तीनों सदस्यों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती परिजनों से मुलाकात की।
एसपी सिटी ने बताया कि पीड़ितों की हालत गंभीर होने के कारण अभी बयान दर्ज नहीं किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें नौकरानी घर से बाहर निकलते हुए नजर आ रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और वारदात के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित परिवार ने महज 5 दिन पहले ही ऑनलाइन साइट से ढूंढकर इस नौकरानी को रखा था। आरोपी नेपाली मूल की बताई जा रही है। वारदात के बाद उसका फरार होने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
