नैनीताल में महिला पर्यटक से दरिंदगी की कोशिश! टैक्सी चालक ने सुनसान रास्ते पर ले जाकर किया हमला, 10 घंटे में पुलिस ने दबोचा
उत्तराखंड के नैनीताल से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर्यटक के साथ टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी चालक ने महिला को नैनीताल ले जाने के बजाय सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया और उसके साथ मारपीट कर गलत हरकत करने की कोशिश की। हालांकि नैनीताल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मामला 5 मार्च 2026 का है। जानकारी के अनुसार एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। वहां से वह ऑटो के जरिए काठगोदाम आई और रात के समय नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी हायर की।
रात करीब 1:30 बजे जब टैक्सी वल्दियाखान क्षेत्र के पास पहुंची तो चालक ने गाड़ी को नैनीताल की बजाय पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला को शक हुआ तो उसने विरोध किया। इस पर चालक ने गाड़ी रोककर महिला के साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, उसने महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
किसी तरह महिला वहां से निकलकर सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस तक पहुंची और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में और तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल की टीम ने सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनार और जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच शुरू की।
लगातार छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ Vivo Y100 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई टैक्सी को भी कब्जे में ले लिया गया है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
