
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी: महिला पुलिस अधिकारी बनकर ठगों ने सोमेश्वर निवासी से ठगे 3.54 लाख
अल्मोड़ा। साइबर ठग अब पहाड़ के लोगों को भी नए-नए तरीकों से निशाना बना रहे हैं। ताजा मामले में ठगों ने खुद को महिला पुलिस अधिकारी बताकर सोमेश्वर निवासी एक व्यक्ति को तीन दिन तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर उससे 3 लाख 54 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने कोतवाली सोमेश्वर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोमेश्वर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बले निवासी दिलीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 मार्च को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके आधार कार्ड से 14 जुलाई 2025 को मुंबई में एक एयरटेल स्टोर से सिम कार्ड खरीदा गया है, जिसका इस्तेमाल एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किया गया है।
ठगों ने दावा किया कि यह सिम कार्ड नरेश गोयल और जेट एयरवेज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में इस्तेमाल हुआ है और इस आधार पर दिलीप सिंह को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। ठगों ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है, लेकिन यदि वे जांच में सहयोग करेंगे तो गिरफ्तारी से बच सकते हैं।
इसके बाद कॉल को एक कथित महिला पुलिस अधिकारी को ट्रांसफर कर दिया गया। महिला ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए पीड़ित से बातचीत की और जांच में सहयोग करने के नाम पर उन्हें कमरे में अकेले रहने के लिए कहा। इसी दौरान ठगों ने पीड़ित से बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली और अलग-अलग तरीकों से 3.54 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से इस तरह की कॉल से सावधान रहने की अपील की है।
